वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू), कोटा ने जुलाई 2026 सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। बांगड़ कॉलेज डीडवाना स्थित अध्ययन केंद्र की मुख्य समन्वयक डॉ. मनीषा गोदारा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी एबीसी आईडी के माध्यम से बनी डीईबी आईडी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने आवेदकों को सलाह दी कि वे आवेदन से पहले अपनी डीईबी आईडी में दर्ज नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी का शैक्षणिक दस्तावेजों से मिलान अवश्य कर लें। ज्योतिष और मनरेगा सर्टिफिकेट कोर्स भी है उपलब्ध विश्वविद्यालय कई स्नातक पाठ्यक्रम जैसे बीए, बीएससी, बीजे और बीएलआईएस प्रदान करता है। स्नातकोत्तर स्तर पर अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, पुलिस प्रशासन, हिंदी, इतिहास, अंग्रेजी, संस्कृत, शिक्षा, राजस्थानी, समाजशास्त्र, भूगोल, एमकॉम, एमबीए और एमएससी (गणित एवं कंप्यूटर विज्ञान) जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इसके अलावा योग, मास कम्युनिकेशन, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, पर्यटन, जलग्रहण प्रबंधन और कंप्यूटर अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट जैसे डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। फलित ज्योतिष और महात्मा गांधी नरेगा जैसे प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। ऑनलाइन अध्ययन सामग्री चुनने पर मिलेगी फीस में छूट अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. चेनाराम ने बताया कि विश्वविद्यालय की दूरस्थ शिक्षा प्रणाली गांवों, कस्बों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक बेहतर विकल्प है। उन्होंने यह भी बताया कि नियमित विद्यार्थी एक ही सत्र में अपनी नियमित पढ़ाई के साथ अतिरिक्त डिग्री, डिप्लोमा या प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम में भी प्रवेश ले सकते हैं। सरकार की दूरस्थ बालिका शिक्षा योजना के तहत पात्र छात्राओं को शुल्क पुनर्भरण की सुविधा मिलेगी। जो विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का विकल्प चुनते हैं, उन्हें शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र विद्यार्थियों के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा शुल्क पुनर्भरण का भी प्रावधान है।