सांसद लुबाराम चौधरी के गांव वाडेली में सोमवार रात के समय 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली के तार टूटकर गिर गए। सुबह महिलाएं दूध निकालने गईं तो उनकी नजर टूटे तारों पर पड़ी। चिंगारी निकलती देख वे डर गईं और घर की तरफ भागीं। यह घटना किसान देवाराम पुत्र दौलाराम चौधरी के कृषि कुएं के पास हुई। गनीमत रही कि लाइन गिरने के समय वहां कोई नहीं था, जिससे किसान और उनके पशु बच गए। घटना के 30 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इसे ठीक करने कोई नहीं पहुंचा। इस घटना ने खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कृषि काम के दौरान किसान और पशु अक्सर खेतों में रहते हैं। ऐसे में हाई वोल्टेज लाइन का टूटना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।