आमेट पंचायत समिति चुनाव में प्रत्याशियों की ओर से नामांकन के साथ दिए गए संपत्ति विवरण में आर्थिक असमानता की बड़ी तस्वीर सामने आई है। चुनाव मैदान में उतरे 41 प्रत्याशियों की घोषित पारिवारिक चल-अचल संपत्ति का कुल मूल्य 9 करोड़ 76 लाख 64 हजार 75 रुपए है। इनमें सबसे अधिक संपत्ति वार्ड 9 की कांग्रेस प्रत्याशी गणेशकंवर के पास 1 करोड़ 94 लाख 57 हजार 900 रुपए है, जबकि इसी सूची में सबसे कम संपत्ति वार्ड 2 के भाजपा प्रत्याशी कालू ने 5 हजार रुपए घोषित की है। दोनों के बीच संपत्ति का अंतर 1 करोड़ 94 लाख 52 हजार 900 रुपए है। ये आंकड़े नामांकन के समय घोषित पारिवारिक संपत्ति के हैं, इन्हें केवल प्रत्याशियों की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं माना जा सकता। वार्ड 9 में कांग्रेस प्रत्याशी गणेशकंवर के बाद भाजपा प्रत्याशी ज्योति ने 79.50 लाख रुपए, निर्दलीय प्रतिभा कुमावत ने 59.57 लाख रुपए और बसपा प्रत्याशी प्रहलाद ने 22.55 लाख रुपए की पारिवारिक संपत्ति घोषित की है। वहीं वार्ड 11 की कांग्रेस प्रत्याशी लाडकंवर ने 75.70 लाख रुपए, वार्ड 15 के भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह ने 70 लाख 75 हजार 701 रुपए और वार्ड 12 के कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल गुर्जर ने 50.90 लाख रुपए की संपत्ति घोषित की है। सबसे कम संपत्ति घोषित करने वाले भाजपा प्रत्याशी कालू के बाद वार्ड 17 के कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुनकर का नाम है, जिन्होंने 9,700 रुपए की संपत्ति बताई है। इसी वार्ड के कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणलाल भील ने 25.91 लाख रुपए और निर्दलीय सीताराम भील ने 5.70 लाख रुपए की संपत्ति घोषित की। वार्ड 16 की भाजपा प्रत्याशी मातराकंवर भाटी के पास 55 हजार रुपए, निर्दलीय शिवानी कुमावत के पास 2 लाख 24 हजार 500 रुपए और वार्ड 13 की कांग्रेस प्रत्याशी राधा पालीवाल के पास 1 लाख 95 हजार रुपए की संपत्ति दर्ज है। कांग्रेस प्रत्याशियों की कुल संपत्ति भाजपा से ज्यादा: चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के 17-17 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके अलावा छह निर्दलीय और एक बसपा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा प्रत्याशियों की घोषित पारिवारिक संपत्ति करीब 3.55 करोड़ रुपए और कांग्रेस प्रत्याशियों की करीब 4.58 करोड़ रुपए है। पांच निर्दलीय प्रत्याशियों की संपत्ति करीब 1.27 करोड़ रुपए, जबकि बसपा प्रत्याशी की संपत्ति 22.55 लाख रुपए है। नामांकन में सामने आए ये आंकड़े प्रत्याशियों की आर्थिक स्थिति में बड़े अंतर को उजागर करते हैं।