भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर बीकानेर कैनाल में इन दिनों पंजाब से पानी की आवक कम है। पंजाब में आरडी 45 पर बीकानेर कैनाल में पानी का प्रवाह 2775 क्यूसेक दर्शाया जा रहा है। जबकि राजस्थान बॉर्डर के खखां हैड पर सिर्फ 1820 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। मंगलवार को किसानों ने कलेक्टर व जल संसाधन विभाग के एसई से मिलकर पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल की सफाई करवाने व प्रदेश के तय हिस्से का पूरा पानी उपलब्ध करवाने की मांग रखी। समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीण किसान मजदूर समिति से जुड़े किसानों ने मंगलवार को गुरुद्वारा सिंहसभा में बैठक की। बीकानेर कैनाल के जरिए गंगनहर में पूरा पानी नहीं मिलने पर चिंता व्यक्त की। इस मौके पर किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब में आरडी 45 पर 2775 क्यूसेक पानी का प्रवाह दर्शाया जा रहा है। जबकि राजस्थान बॉर्डर के खखां हैड पर सिर्फ 1828 क्यूसेक पानी ही मिल रहा है। 955 क्यूसेक पानी छीजत में जा रहा है। पंजाब में बीकानेर कैनाल की आरडी 200 से 368.500 तक पंजाब के अधिकारी नहर की सफाई नहीं करवा रहे हैं। इस कारण नहर में पानी का लेवल पीछे बढ़ रहा है। आरडी 45 पर गेज अधिक दर्शा रहा है। इसके अलावा पंजाब क्षेत्र में हमारे हिस्से के पानी की चोरी भी हो रही है। किसान प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को बताया कि गंगनहर से जुड़ी नहरों के अंतिम छोर पर पूरा पानी नहीं पहुंच पा रहा है। हालात इस कदर खराब हैं कि सिंचाई सुविधा नहीं मिलने से किसान फसलों की बुवाई के लिए खेत भी तैयार नहीं कर पा रहे हैं। नहरों की सफाई करवाना भी जरूरी है। ताकि किसानों को पूरा सिंचाई पानी मिल सके। पूरा पानी नहीं मिलने के कारण किसानों को फसलों की बुवाई के लिए खेत तैयार करने के लिए भी सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसके बाद किसान प्रतिनिधि कलेक्टर व एसई से मिले। पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल की सफाई करवाने व प्रदेश के तय शेयर के अनुसार पानी उपलब्ध करवाने की मांग की। एसई ने किसानों को बताया कि एक्सईएन के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम पंजाब भेजी गई है। टीम के अधिकारी बीकानेर कैनाल में पानी के प्रवाह की स्थिति का जायजा लेंगे। वहां के अधिकारियों से बीकानेर कैनाल की सफाई को लेकर वार्ता करेंगे। कलेक्टर व एसई से मिलने वालों में गंगनहर प्रोजेक्ट चेयरमैन हरविंद्र सिंह गिल, संतवीर सिंह मोहनपुरा, रणजीत सिंह, प्रदीप सिंह, हरजिंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, राजकरण सिंह आदि शामिल थे। प्रदेश के तय शेयर के अनुसार पानी मिलना सुनिश्चित नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन : गंगनहर चेयरमैन हरविंद्रसिंह गिल ने बताया कि पंजाब से गंगनहर में तय शेयर के अनुसार पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है। यही हालात रहे तो किसान नरमा कपास की बुवाई भी नहीं कर पाएंगे। जल्द ही तय शेयर के अनुसार पानी मिलना सुनिश्चित नहीं हुआ तो गंगनहर क्षेत्र के किसानों के पास आंदोलन करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है।