सादुलपुर | नवां गांव के राउमावि में शुक्रवार को पुस्तक अभिरुचि प्रतियोगिता 2026 में विजेता रहे विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। प्राचार्य प्रदीप श्योराण ने बताया कि कलेक्टर अभिषेक सुराणा के आदेशानुसार व मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष महर्षि के निर्देश पर ग्रीष्मावकाश से पूर्व प्रत्येक विद्यार्थी व शिक्षक को दो-दो पुस्तकें वितरित की गई थी, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित हो तथा सोशल मीडिया से दूरी बने। इसी उद्देश्य से पुस्तकों के आधार पर प्रतिवेदन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पीईओ स्तर पर हुई प्रतियोगिता के विद्यार्थी वर्ग में प्रिया प्रथम, प्रियंका व रितु द्वितीय तथा अंतिम तृतीय रहे। वहीं शिक्षक वर्ग में अनिता लांबा प्रथम व सुनीता कुमारी द्वितीय रही। प्राचार्य प्रदीप श्योराण व उपप्राचार्य संजय पूनिया ने बच्चों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया। वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष दिनेश फगेड़िया ने बच्चों की निरंतर पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।