बगावत से बचने सीधे रिटर्निंग अधिकारी को देंगे सिंबल प्रदेश के 309 निकायों के 10245 वार्डों के पार्षद चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 50 प्रतिशत टिकट युवाओं देने का ऐलान क्या किया, आवेदनों ने सारे रिकार्ड तोड़ डाले। अब तक आए आनलाइन, आफलाइन करीब 60 हजार आवेदनों में से से करीब 47 हजार आवेदन यानी 78 प्रतिशत युवाओं ने टिकट मांग लिए। इससे पार्टी काफी उत्साहित है। लेकिन पुराने दिग्गजों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी है। 40 साल से कम उम्र के युवाओं ने 70 प्रतिशत से अधिक सीटें मांग ली है। इनमें से करीब 7600 तो जेन-जी ने टिकट मांगे हैं। पार्टी की तरफ से निकाय चुनावों के लिए पहली बार क्यूआर कोड से आनलाइऩ आवेदन मांगे गए। लेकिन जिला स्तर पर आफलाइन आवेदन लेने की भी व्यवस्था की गई। अब तक 40210 आनलाइन, करीब 19600 आफलाइन आवेदन आए। कांग्रेस वाररूम में गुरुवार देर रात तक पीसीसी चीफ ने फीडबैक लेकर लगभग सारे टिकट फाइनल करवा दिए हैं। लेकिन बगावत और नाराजगी से बचने के लिए टिकट सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। सबसे पहले बोर्डर के जिलों को फोन पीसीसी वाररूम में जैसे ही जिलों के टिकट फाइनल हुए। सबसे पहले बार्डर के बाड़मेर, जैसलमेर, गंगानगर बीकानेर जिलों को फोन गए। आवेदकों को फोन पर बता दिया कि आपका टिकट कन्फर्म है। उसके बाद अन्य जिलों में फोन किए जा रहे। बगावत आदि से बचने के लिए आनलाइन या आफलाइन सूची सार्वजनिक नहीं कर रहे। रिटर्निंग अधिकारी को सीधे सिंबल सबमिट किए जाएंगे। शेखावाटी की जाखल पालिका में प्रदेश कांग्रेस ने टिकट सार्वजनिक नहीं किए उससे पहले एक नेताजी ने मजमा लगाकर लोकल स्तर पर ही टिकट बांट दिए। खुद ही अपने स्तर पर प्रत्याशियों की घोषणा कर पार्टी के उम्मीदवार उतारे और मालाएं पहना दी।