इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान 133 रन पर ऑलआउट हो गया। उसके सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। बर्मिंघम के एजबेस्टन में सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 43 रन की पारी खेली। मोहम्मद अब्बास ने 21 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 4 विकेट लिए। ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर को 3-3 विकेट मिले। पहले घंटे में 4 विकेट गंवाए इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और पाकिस्तान को शुरुआत से ही दबाव में डाल दिया। ओली रॉबिन्सन ने सईम अयूब को 10 गेंदों में बिना खाता खोले LBW किया। यह रॉबिन्सन के टेस्ट करियर का 100वां विकेट भी रहा। अजान अवैस 9 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर जोश टंग को कैच दे बैठे। इसके बाद रॉबिन्सन ने अब्दुल्ला शफीक को 3 रन पर स्लिप में डैन लॉरेंस के हाथों कैच कराया। आर्चर ने अगले ओवर में कप्तान शान मसूद को 5 रन पर आउट कर दिया। पाकिस्तान ने शुरुआती 9 ओवर में ही 3 विकेट गंवा दिए थे। बाबर आजम फिर फेल, 7 रन पर बोल्ड कप्तान बाबर आजम भी पारी को संभाल नहीं सके। वह 18 गेंदों में 7 रन बनाकर जोश टंग की गेंद पर बोल्ड हुए। टंग की गेंद अंदर की ओर आई और बाबर उसकी लेंथ को सही तरीके से नहीं पढ़ सके। गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकलकर ऑफ स्टंप पर जा लगी। उनके आउट होने के समय पाकिस्तान का स्कोर 48 रन पर 5 विकेट था। बाबर के आउट होने के साथ पाकिस्तान के टॉप-5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छूए बिना पवेलियन लौट गए। इन पांचों ने मिलकर सिर्फ 24 रन बनाए। 2000 के बाद टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान के टॉप-5 का यह दूसरा सबसे कम संयुक्त स्कोर है। इससे कम 19 रन 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ दुबई टेस्ट में बने थे। टॉप-5 के सभी बल्लेबाज सिंगल डिजिट पर आउट पाकिस्तान के लिए यह एक अनचाहा रिकॉर्ड भी रहा। टेस्ट इतिहास में यह सिर्फ 12वीं बार है, जब किसी टीम के टॉप-5 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हुए हैं। खास बात यह है कि टेस्ट की पहली पारी में ऐसा पहली बार हुआ है। पाकिस्तान के शुरुआती 5 विकेट सिर्फ 48 रन पर गिर गए थे। टीम ने पहले सेशन में 7 विकेट गंवाए और 100 रन बनाए। टेस्ट के पहले दिन की पहली पारी में 7 विकेट गंवाने का यह पाकिस्तान का दूसरा मौका है। इससे पहले 2012 में दुबई में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान ने पहली पारी में 53 रन पर 7 विकेट गंवाए थे। तीन डेब्यूटेंट भी नहीं टिके पाकिस्तान ने इस टेस्ट में तीन खिलाड़ियों को डेब्यू कराया। गाजी घोरी, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह। गाजी घोरी ने करियर की पहली गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद इंग्लैंड ने LBW के लिए रिव्यू लिया, लेकिन फैसला पाकिस्तान के पक्ष में रहा। दो गेंद बाद टंग ने उन्हें LBW कर दिया। घोरी 4 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद इमरान रंधावा 5 रन बनाकर टंग की शानदार यॉर्कर पर बोल्ड हुए। रजाउल्लाह ने 11 रन बनाए और बाद में ओली रॉबिन्सन का शिकार बने। सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए सऊद शकील ने पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। उन्होंने 47 गेंदों की पारी में 7 चौके लगाए। हालांकि, 107 रन के स्कोर पर जोश टंग ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए मोहम्मद अब्बास ने भी 21 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया, लेकिन 33वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने उन्हें हैरी ब्रूक के हाथों कैच करा दिया। मोहम्मद अली 5 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की पारी सिर्फ 33.5 ओवर चली पाकिस्तान की 33.5 ओवर की पारी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में उसकी तीसरी सबसे छोटी पारी है। इससे पहले टीम 2010 में नॉटिंघम में 29 ओवर में 80 रन और लॉर्ड्स में 33 ओवर में 74 रन पर ऑलआउट हुई थी। रॉबिन्सन ने 24 टेस्ट में पूरे किए 100 विकेट ओली रॉबिन्सन ने 100 विकेट पूरे किए। उन्होंने यह उपलब्धि 24 टेस्ट में हासिल की। इस मामले में वह 100 टेस्ट विकेट लेने वाले इंग्लैंड के संयुक्त रूप से पांचवें सबसे तेज गेंदबाज हैं। उनसे आगे इयान बॉथम 19, डेरेक अंडरवुड 23, स्टीव हार्मिसन 23 और ग्रीम स्वान 23 टेस्ट में यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। टोनी लॉक ने भी 24 टेस्ट में 100 विकेट लिए थे। 100 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों में रॉबिन्सन का गेंदबाजी औसत भी सबसे बेहतर है। 100 विकेट के आंकड़े पर उनका औसत 19.34 था। इस सूची में जसप्रीत बुमराह 19.79 के औसत के साथ उनके बाद हैं। इंग्लैंड ने पहले ही 2-0 की बढ़त बना रखी है तीन टेस्ट की सीरीज में इंग्लैंड पहले ही 2-0 की बढ़त बना चुका है। पहले टेस्ट में उसने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया था। इसके बाद लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने 194 रन से जीत दर्ज की। पाकिस्तान का एजबेस्टन में रिकॉर्ड भी खराब है। टीम ने इस मैदान पर अब तक 8 टेस्ट खेले हैं, लेकिन एक भी मैच नहीं जीता। उसे 5 मुकाबलों में हार मिली, जबकि 3 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। वसीम अकरम बोले- समस्या पूरे क्रिकेट सिस्टम में है पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने मौजूदा हालात के लिए सिर्फ खिलाड़ियों को जिम्मेदार नहीं माना। उनका कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट की समस्याएं इतनी गहरी हैं कि वह भी अकेले उन्हें ठीक नहीं कर सकते। अकरम ने कहा कि इंग्लैंड सीरीज शुरू होने से पहले ही उन्हें अंदाजा था कि पाकिस्तान 3-0 से सीरीज हारेगा, क्योंकि बल्लेबाजी और गेंदबाजी में समस्याएं साफ नजर आ रही थीं। इंग्लैंड की पारी शुरू पाकिस्तान को 133 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी शुरू की। दिन के दूसरे सेशन में 4.3 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 18/1 था। बेन डकेट 11 रन बनाकर मोहम्मद अली की गेंद पर स्लिप में बाबर आजम के हाथों कैच हुए। एमिलियो गे और जॉर्डन कॉक्स क्रीज पर थे।