नागौर| बाबा नाथूराम मिर्धा की पुण्यतिथि पर श्री नाथूराम मिर्धा चैरिटेबल ट्रस्ट में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को याद किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष मेहराम नंगवाड़िया ने कहा कि नाथूराम मिर्धा का जीवन समाजसेवा, किसान हित और शिक्षा के प्रति समर्पण की अद्वितीय मिसाल रहा। उनका व्यक्तित्व संघर्ष, सादगी और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा। वे पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ट्रस्ट सचिव अर्जुनराम लामरोड़ ने कहा कि मिर्धा ने ग्रामीण समाज और युवाओं के उत्थान के लिए जो दूरगामी सोच विकसित की, वह आज भी प्रासंगिक है। शिक्षा को सामाजिक विकास का आधार मानने वाली उनकी सोच को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।