कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक घायल तेंदुए ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वन विभाग के अधिकारी पर हमला कर दिया। तेंदुआ हाईवे पर एक कार की टक्कर के बाद घायल हो गया था। वन विभाग की टीम जब उसका रेस्क्यू करने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने एक अधिकारी पर हमला कर दिया। तेंदुए ने अधिकारी को जमीन पर गिरा दिया और पंजों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ है। पूरी घटना 4 पॉइंट्स में समझें… 1. हाईवे पर घायल मिला तेंदुआ वन विभाग को सूचना मिली कि एक कार की टक्कर से तेंदुआ हाईवे पर घायल पड़ा है। टीम पशु चिकित्सक के साथ मौके पर पहुंची और उसे रेस्क्यू करने की तैयारी शुरू की। डॉक्टर तेंदुए को बेहोश करने के लिए दवा दे रहे थे। 2. भीड़ के शोर से हुआ आक्रामक शुरुआत में तेंदुआ शांत था, लेकिन वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग शोर करते हुए फोटो और वीडियो बनाने लगे। वन विभाग के मुताबिक, इसी हलचल से तेंदुआ अचानक आक्रामक हो गया। 3. कर्मचारी पर किया हमला दवा का असर पूरी तरह होने से पहले तेंदुआ एक कर्मचारी पर झपट पड़ा और उसे जमीन पर गिरा दिया। दूसरे कर्मचारियों ने डंडे की मदद से तेंदुए को दूर किया। हमले में कर्मचारी के हाथ और पैर पर खरोंच आई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत स्थिर है। 4. तेंदुआ भी रेस्क्यू सेंटर भेजा गया बाद में टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया और इलाज के बाद रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। उसकी हालत भी स्थिर बताई गई है। वन विभाग ने कहा कि घायल जंगली जानवर के पास भीड़ और शोर से बचना चाहिए, ताकि रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से काम कर सके।