आहोर नगरपालिका आम चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 58 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपखंड कार्यालय में नामांकन जमा कराने के लिए दावेदारों की आवाजाही बनी रही। 31 अगस्त को नामांकन का आखिरी दिन नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। अंतिम दिन संभावित भीड़ को देखते हुए उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर रोहित चौहान ने बताया कि रविवार, 30 अगस्त को भी उपखंड कार्यालय खुला रहेगा। इस दिन रसीद कटवाने, निर्वाचन नामावली की नकल लेने, नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य कार्य किए जा सकेंगे। रिटर्निंग अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों को निर्धारित समय से पहले नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नामांकन पत्र भरते समय इन बातों का रखें ध्यान मीडिया प्रभारी भरत शर्मा ने प्रत्याशियों से अपील की है कि नामांकन जमा कराने के दौरान अनावश्यक सहयोगियों को कार्यालय नहीं लाएं। प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र स्पष्ट और साफ अक्षरों में भरने, किसी भी कॉलम को खाली नहीं छोड़ने और जहां आवश्यक हो वहां हस्ताक्षर करने की सलाह दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ चुनावी मुकाबले में रहने वाले प्रत्याशियों की स्थिति साफ होगी।