अजमेर में क्रिकेट मैच में हारने के बाद उधार रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद में एक ऑटो ड्राइवर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि डिग्गी बाजार में रुपए देने से मना करने पर हमलावरों ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से उस पर कई वार किए। हमलावर शराब के नशे में थे। आनन-फानन में लोगों ने घायल हालत में ऑटो ड्राइवर को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है। हमले में ऑटो ड्राइवर के सीने, हाथ और कंधे पर गहरे घाव आए और 45 से ज्यादा टांके लगाए गए। मामला अजमेर के क्लॉक टावर थाना क्षेत्र का है। बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता से भी मारपीट पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक क्रिकेट मैच में रुपए हारने के बाद उससे उधार पैसे मांग रहे थे। उसने रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चाकू निकालकर उस पर कई वार किए गए। बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। ऑटो चलाकर घर लौट रहा था, रास्ते में युवकों ने रोका शीशा खान के रहने वाले सोहिल हसन ने बताया कि वह ऑटो चलाता है। घटना के दौरान वह ऑटो लेकर घर लौट रहा था। डिग्गी बाजार रैगर मोहल्ले के पास कुछ युवक क्रिकेट मैच खेल रहे थे। वह भी वहां रुका और मैच में हिस्सा लिया। पीड़ित के अनुसार, मैच में उसके हिस्से के रुपए देने के बाद वह वहां से घर जाने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और उससे रुपए मांगने लगे। सोहिल का कहना है कि युवकों ने उससे उधार पैसे मांगे। उसने उन्हें बताया कि ये उसकी दिनभर की ऑटो चलाने की कमाई है और उसे घर जाकर अपनी मां को देनी है इसलिए वह रुपए नहीं दे सकता। मना किया तो नाक पर मारा मुक्का, गिरते ही चाकू से किए वार पीड़ित के मुताबिक, रुपए देने से मना करते ही युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने उसकी नाक पर मुक्का मार दिया। चोट लगने से नाक से खून निकलने लगा और वह चकराकर नीचे गिर गया। सोहिल का आरोप है कि उसके गिरते ही आरोपियों ने धारदार चाकू निकाल लिया और उसके कंधे, हाथ और सीने पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं पाया। हमले में शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। बेटे को बचाने दौड़ी मां, बीमार पिता को भी पीटा हमले के दौरान आवाज सुनकर सोहिल के माता-पिता मौके पर पहुंचे। पीड़ित का कहना है कि उसकी मां उसे बचाने के लिए आरोपियों के बीच पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। वहीं, बीमार पिता ने जब बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पिता की पसलियों और छाती पर लातें मारीं। इसके बाद घायल सोहिल को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल ले जाया गया। पुलिस कार्रवाई पर भी पीड़ित ने उठाए सवाल पीड़ित सोहिल ने क्लॉक टावर थाना पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि गंभीर हमला होने के बावजूद पुलिस ने मामले में जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने के बजाय मामूली कार्रवाई की, जिसके चलते आरोपी जल्द जमानत पर बाहर आ गए।