अजमेर की रामगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र के 7 रेलवे क्वार्टरों में चोरी के मामले में पुलिस ने सरगना समेत 2 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2 चार्जर सहित लैपटॉप, 2 स्पीकर, हैमर टर्मिंग मशीन, एलईडी और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य माल बरामद किया गया। पुलिस वारदात में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश कर रही है। एसएचओ हरिपाल सिंह ने बताया कि 29 और 30 अगस्त की रात 7 रेलवे क्वार्टर्स में चोरी हुई थी। इनमें रेलवे क्वार्टर नंबर 1662-बी, 1653-बी और 1766-बी शामिल हैं। आवास नंबर 1662-बी, कसारी नाडी रामगंज निवासी शिवराम मीणा ने मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। एसएचओ के अनुसार पुलिस ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश देने के साथ गिरोह के सरगना देवप्रकाश उर्फ दांतला सहित 2 अन्य लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने सरगना को डिटेन कर पूछताछ की, उसने चोरी करना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया। पूछताछ में उसने अन्य साथियों के नाम-पते भी बताए। इसके बाद पुलिस ने चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी इंद्राज रैगर निवासी दीपदर्शन कॉलोनी, रामगंज को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कम उम्र में बनाया गिरोह, पुलिस कर रही पूछताछ पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना देवप्रकाश उर्फ दांतला 19 साल का है। उसने कम उम्र में ही चोरी शुरू कर दी थी। पहले वह अकेले वारदात करता था। बाद में उसने अन्य आरोपियों को साथ जोड़कर गिरोह बना लिया। कोली बस्ती रामगंज निवासी देवप्रकाश के खिलाफ रामगंज थाने में पहले भी एक मामला दर्ज है। दूसरे आरोपी इंद्राज के खिलाफ भी पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से अन्य साथियों और दूसरी वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।