अजमेर में सुबह से बादल छाए हैं और रिमझिम बरसात का दौर जारी है। बरसात के कारण मौसम सुहावना हो गया है। कल रात को भी बारिश हुई थी, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली है। प्लाजा सिनेमा के पास आर्य पुत्री स्कूल की दीवार गिरी। इसमें पास खड़ी तीन कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना करीब सुबह छह बजे की बताई जा रही है। जिले में 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री की कमी हुई है। सुबह न्यूनतम तापमान 20.8 दर्ज किया गया, वहीं बीते 24 घंटों में 24 एमएम बरसात दर्ज की गई। औसम बरसात जिले में अब तक 390 एमएम होनी चाहिए, जो अब तक 443 एमएम हो चुकी है। लेकिन ये बरसात भी पिछले साल के मुकाबले कम है। मौसम विभाग के सप्ताहवार पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। 7 सितंबर के बीच मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहवार आंकलन पहला सप्ताह- 7 सितंबर तक: 7 सितंबर तक बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दूसरा सप्ताह- 8 से 14 सितंबर: 8 सितंबर के बाद बारिश की संभावना कम हो जाएगी। सप्ताह का अधिकांश हिस्सा सूखा रहने के आसार हैं। इस दौरान बादल तो आएंगे, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना कम रहेगी। तीसरा सप्ताह-15 से 21 सितंबर: सप्ताह के अंतिम दिनों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। तीसरे सप्ताह के अंत और चौथे सप्ताह की शुरुआत में बारिश का एक और दौर बनने की संभावना है। चौथा सप्ताह-22 से 30 सितंबर: महीने के अंतिम हिस्से में मौसम सूखा रहने के आसार हैं। इसके चलते सितंबर में कुल बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना जताई गई है। 10 साल में सितंबर की बारिश का रिकॉर्ड भी उतार-चढ़ाव वाला अजमेर में सितंबर की बारिश का पिछले 10 साल का रिकॉर्ड काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। इस दौरान 5 साल बारिश सामान्य से ज्यादा और 5 साल सामान्य से कम रही। 2016 में सितंबर में सिर्फ 15.3 एमएम, 2017 में 48.4 एमएम और 2022 में 16.8 एमएम बारिश हुई थी। इसके उलट 2021 में 208.7 एमएम, 2024 में 172 एमएम और 2025 में सबसे ज्यादा 270.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। अन्य वर्षों में 2018 में 101.6, 2019 में 108, 2020 में 64.8 और 2023 में 76.2 एमएम बारिश हुई। अजमेर में सितंबर की औसत बारिश करीब 86.7 एमएम है।