पाली जिले के सोजत सिटी थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बेरा धोलीवाड़ी (बागेलाव की पाल) में हुई इस घटना में चोर घर के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व लोहे की पेटी से करीब 70 हजार रुपए नकद सहित लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय मकान मालिक धन्नाराम माली और उनकी पत्नी रिश्तेदारी में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम राणावास गए हुए थे। पीछे से चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बना लिया। मकान के पास संदिग्ध युवक दिखा, बाइक से भागा जानकारी के अनुसार बागेलाव की पाल निवासी धन्नाराम माली अपनी पत्नी के साथ सुबह मकान पर ताला लगाकर राणावास गए थे। दोपहर करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच धन्नाराम की माताजी पास के खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने घर के आसपास एक अज्ञात युवक को संदिग्ध हालत में देखा। माताजी तुरंत खेत से घर पहुंचीं और युवक से वहां खड़े होने का कारण पूछा। इस पर युवक घबरा गया और उसने बताया कि वह अपने भाई से मिलने आया था। इसके बाद वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से फरार हो गया। परिजनों को आशंका है कि युवक अकेला नहीं था। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसके साथ 2 से 3 अन्य लोग भी हो सकते हैं, जो मकान के अंदर ताले तोड़कर चोरी कर रहे थे। ताले तोड़कर अलमारी और पेटी खंगाली माताजी ने घर के अंदर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। मकान के अंदर गोदरेज की अलमारी और लोहे की पेटी (मंजू) के ताले भी टूटे मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था। सूचना मिलने के बाद धन्नाराम माली अपनी पत्नी के साथ तुरंत घर पहुंचे। उन्होंने सामान की जांच की तो अलमारी और पेटी में रखी करीब 70 हजार रुपए की नकदी गायब मिली। इसके अलावा सोने-चांदी के कई आभूषण भी चोरी हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। सोजत सिटी पुलिस ने किया मौका मुआयना चोरी की सूचना मिलते ही सोजत सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक उप-निरीक्षक (ASI) रमेश जाजड़ा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मकान का बारीकी से मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध मोटरसाइकिल और वारदात के दौरान इलाके में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाकर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।