अलवर में आज सुबह से धूप खिली है। जिले में पिछले 6 दिन से बारिश नहीं हुई है। धूप के चलते गर्मी और उमस बनी हुई है। मौसम विभाग ने जिले में कल से अगले 5 दिन तक बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 1 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि 2 से 6 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है। 2, 3 और 4 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री, 5 सितंबर को 36 डिग्री और 6 सितंबर को करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान कई दिनों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। बारिश नहीं होने से खरीफ की फसल को नुकसान सितंबर की शुरुआत में बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इस समय खेतों में बाजरा, ग्वार, मूंग, मोठ, तिल, मूंगफली सहित अन्य खरीफ फसलें बढ़वार और दाना-फली बनने के दौर में हैं। यदि समय पर बारिश नहीं होती है तो खेतों में मिट्टी की नमी कम होने से फसलों पर पानी का तनाव बढ़ सकता है और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। वहीं बारिश होने पर किसानों को फसलों के लिए राहत मिलने के साथ खेतों में नमी बनी रहेगी, जो आगे रबी की फसल की तैयारी में भी मददगार होगी। अलवर में आज तक 455.8मिमी बारिश होनी चाहिए थी जो की 431.1 मिमी बारिश हुई है जो सामान्य बारिश करीब 5 प्रतिशत कम है अगर आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है तो मानसून सीजन इस आकंडे को भर भी सकता है बाकी पिछले साल की तुलना में इस साल बारिश 60 पर्सेंट ही हो पाई है।