बारां के कवाई में खानपुर रोड स्टेट हाईवे पर एक महिला को लेकर दो युवकों ने काफी हंगामा किया। दोनों युवकों ने खुद को उसका पति बताया। मामला बढ़ने पर एक युवक ने चाकू निकाल लिया, जिससे हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए। जानकारी के अनुसार नयागांव खोपर निवासी मुकेश मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ गऊघाट से नयागांव जा रहा था। खानपुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास बूढ़ादीत निवासी कपिल कुमार ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि कपिल ने चाकू निकालकर महिला को अपने साथ ले जाने की कोशिश की और मुकेश को धमकाया। इसके बाद दोनों युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोनों युवक महिला को अपनी-अपनी पत्नी बताते रहे। कपिल कुमार ने दावा किया कि उसने महिला से प्रेम विवाह और कोर्ट मैरिज की है। वहीं, मुकेश का कहना था कि उसकी शादी परिवार की सहमति से हुई है और उसने परिवार को पैसे देकर रीति-रिवाज से शादी की है। सूचना मिलने पर कवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर थाने ले गई। कवाई थाने के एएसआई आमिर खान ने बताया कि थाने में महिला से उसकी इच्छा पूछी गई। महिला ने अपने पति मुकेश के साथ ससुराल जाने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस ने महिला को मुकेश के साथ भेज दिया। पुलिस ने कपिल कुमार को चाकू दिखाकर धमकाने और धारदार हथियार के साथ घूमने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और उनके पेश किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है।