उदयपुर में ज्वेलरी शोरूम में एक करोड़ कीमत के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को आगरा में चंबल के बीहड़ से गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक आरोपी फरार है। आरोपियों ने चंबल के बीहड़ में 3 फीट गहरे गड्डे में चोरी का माल छिपाया था। हाथीपोल थाना पुलिस क्षेत्र में पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम में 29 जुलाई को चोरी हुई थी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया- वारदात से करीब 2 महीने पहले दो आरोपी शहर में मजदूरी करने आए थे। उसी दौरान इन्होंने नवीन ज्वेलर्स की रेकी की थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। मजदूरी के लिए आए, रेकी की एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया- वारदात से करीब 2 महीने पहले आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा उदयपुर में मजदूरी करने आए थे। उसी दौरान इन्होंने नवीन ज्वेलर्स की रेकी की। इसके बाद गैंग ने योजना बनाई और अपने अन्य साथियों को उदयपुर बुलाया। फिर पैदल ही गुमानिया नाले में उतरकर ज्वेलर्स के शोरूम में पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बाकी बचे माल की बरामदगी के प्रयास कर रहे हैं। पुलिस से बचने के लिए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं किया, 200 सीसीटीवी देख पहुंची पुलिस डॉ. अमृता दुहन ने बताया- आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने समय और बाद में मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया। इसके अलावा कभी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी नहीं करते। वे नकद किराया देकर ही ट्रेन-बसें बदलते थे, ताकि पुलिस को इनका सुराग नहीं मिल सके। पुलिस उदयपुर, कोटा, धौलपुर से लेकर आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर इन आरोपियों तक पहुंची। ये अंतरराज्यीय चोर गिरोह है, जो दूसरे राज्यों में जाकर वारदात करता है। 3 को पकड़ा, एक फरार की तलाश जारी पुलिस ने आरोपी धनपाल (24) उर्फ धांधु वर्मा निवासी आगरा यूपी, आनंद (26) उर्फ कुकडिया वर्मा निवासी आगरा यूपी और गुड्डू (27) पिता राजाराम राठौड़ निवासी आगरा यूपी को मंगलवार को पकड़ा। इनमें धनपाल के खिलाफ पहले से 3 मामले और आनंद के खिलाफ चोरी-नकबजनी के 2 मामले दर्ज हैं। वहीं फरार चल रहे मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों से 60 लाख रुपए के सोना-चांदी और हीरे की ज्वेलरी बरामद की है। 29 जुलाई की रात हुई थी वारदात, सीसीटीवी में हो गई थी रिकॉर्ड उदयपुर में नवीन ज्वैलर्स के प्रोपराइटर नवीन स्वरूपरिया ने हाथीपोल थाने में 30 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 29 जुलाई की रात चोर दुकान का साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर शोरूम में घुसे थे। चोर शोरूम से करीब 22 लाख रुपए के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलो चांदी के आभूषण और बर्तन सहित 9.75 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए थे। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई थी।
ये खबरें भी पढ़ें... ज्वेलरी शॉप से 22-लाख के हीरे समेत 1-करोड़ की चोरी;VIDEO:शटर उखाड़कर घुसे; कांच का गेट तोड़ा, चोरों ने टॉर्च जलाकर एक-एक बॉक्स खंगाला उदयपुर में ज्वेलरी शॉप का शटर उखाड़कर चोर करीब एक करोड़ रुपए की ज्वेलरी चुरा ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। सुबह 8 बजे दुकान का कर्मचारी पहुंचा तो शटर टूटा देखकर मालिक को फोन किया। (पूरी खबर पढ़ें)