बारां में शुक्रवार अलसुबह 4 बजे से ही बारिश का दौर रूक-रूक कर जारी है। इस बारिश के चलते जहां आमजन को भीषण उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं पूरा मौसम खुशनुमा और ठंडा हो गया है। वहीं शाहाबाद क्षेत्र में तेज बारिश से नदी नालों में उफान आ रहा है। सिरसा नदी पूरे उफान पर बह रही है। इधर बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। खेतों में खड़ी फसलों को इस पानी से लाभ पहुंच रहा है। सोयाबीन, मक्का, धान आदि की फसलों को नया जीवनदान मिला है। उमस और गर्मी से मिली राहत जिले में बारिश के चलते जहां आमजन को भीषण उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं पूरा मौसम खुशनुमा और ठंडा हो गया है। यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है। खेतों में खड़ी फसलों को इस पानी से भारी लाभ पहुंच रहा है। किसानों के लिए सबसे राहत की बात यह है कि इस तेज बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों से निजात मिलेगी। खेतों में खड़ी फसलों पर लगने वाली इल्ली पर इस बारिश से प्राकृतिक रूप से नियंत्रण होगा। तेज बौछारों के कारण पौधों पर मौजूद इल्लियां बह जाएंगी, जिससे किसानों का कीटनाशक दवाओं पर होने वाला खर्च भी बचेगा। लगातार हो रही इस बारिश से अन्नदाताओं के चेहरे खिल उठे हैं और रौनक लौट आई है।