ब्यावर में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' योजना के तहत त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए की गई। जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में गुरुवार को यह अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान बंसल मिष्ठान भंडार, सालासर नमकीन एवं मिष्ठान भंडार और जोधपुर स्वीट होम से गुलाब जामुन, घी, तेल तथा लड्डू के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह और दशरथ सिंह दल में शामिल थे। विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील की है कि मिठाई खरीदते समय उसके निर्माण की तारीख और निर्माता का पूरा विवरण अवश्य देखें। उन्होंने खाद्य पदार्थों पर अंकित जानकारी और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। किसी भी खाद्य पदार्थ पर भ्रामक जानकारी पाए जाने पर तत्काल विभाग को सूचित करने की सलाह दी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों और मेलों के सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच और सैंपलिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा। अगले चरण में होटल-रेस्टोरेंट, मिठाई एवं नमकीन व्यवसायियों, कचौरी-पकौड़ी एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठानों, दूध-मावा विक्रेताओं तथा बेकरी प्रतिष्ठानों की भी व्यापक जांच की जाएगी।