ब्यावर पुलिस ने ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को उनके अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन स्माईल' के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला शनिवार को पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शाम को आयोजित हुई। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक (ब्यावर) रतन सिंह आईपीएस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया आरपीएस के सुपरविजन में किया गया। महिला थाना अधिकारी विघा मीना ने इसका नेतृत्व किया। कार्यशाला में जिले के 9 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के साथ-साथ विभिन्न पुलिस थानों के मनोनीत अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने ट्रांसजेंडर समुदाय को उनके अधिकारों और संबंधित कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की समस्याओं को पुलिस स्तर पर संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ सुनना महत्वपूर्ण है। डॉ. उज्जैनिया ने मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित शिकायतों को थाना स्तर पर प्राथमिकता दी जाए और उनका त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महिला थाना अधिकारी विघा मीना ने भी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों और उनके संरक्षण से जुड़े कानूनों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था, साथ ही समुदाय के सदस्यों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी था।