गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की तबीयत सोमवार को खराब हो गई है। किडनी इन्फेक्शन के कारण उन्हें मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वे फिलहाल ICU में हैं। वे 89 साल के हैं। अन्ना को पहले उनके गांव रालेगण सिद्धि के ही एक अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई लाया गया। पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें वायरल संक्रमण और डिहाईड्रेशन होने की बात सामने आई थी। पिछले हफ्ते, यूरिन से जुड़ी दिक्कतों के कारण हजारे को शिरूर के वेदांत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। करीब 3 दिन के इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हालांकि, इलाज के दौरान उनका क्रिएटिनिन लेवल बढ़ गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट करने का फैसला किया। भ्रष्टाचार-विरोधी और समाज सुधार अभियानों में अपनी भागीदारी के लिए मशहूर अन्ना हजारे 2011 के भ्रष्टाचार-विरोधी आंदोलन के दौरान देशभर में चर्चा में आए थे, जब उन्होंने मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर भूख हड़ताल की थी। आज की अन्य बड़ी खबरें… केंद्र सरकार ने राजस्थान, बिहार और आंध्र प्रदेश में 3 नए स्पेशल NIA कोर्ट बनाए केंद्र सरकार ने राजस्थान, बिहार और आंध्र प्रदेश में तीन नई अदालतों को विशेष अदालते का दर्जा दिया। ये अदालतें नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) जुड़े मामलों की सुनवाई करेगी। इन तीन नई अदालतों को NIA एक्ट, 2008 की धारा 11 के तहत, संबंधित हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों और राज्य सरकारों से सलाह-मशविरा करके तय किया गया है। सरकार के मुताबिक, इस कदम का मकसद केंद्रीय आतंकवाद-रोधी एजेंसी द्वारा जांच किए गए अपराधों की तेजी से सुनवाई के लिए समर्पित न्यायिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है। दिल्ली के कोर्ट ने ठग सुकेश चंद्रशेखर को सुप्रीम कोर्ट का जज का बनकर ज्यूडिशियल ऑफिसर पर बेल के लिए दबाव डालने की कोशिश करने के जुर्म में 8 साल जेल की सजा सुनाई है। तीस हज़ारी कोर्ट की चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट हर्षिता मिश्रा ने पहले चंद्रशेखर को 29 अगस्त को दोषी ठहरा दिया था। सुकेश को सेक्शन 170 और 189 के तहत अपराधों के लिए 2-2 साल और सेक्शन 507 के तहत 4 साल की सजा सुनाई। ये सजाएं एक साथ नहीं बल्कि एक के बाद एक चलेंगी। यह मामला अप्रैल 2017 का है जब चंद्रशेखर स्पेशल जज पूनम चौधरी के सामने पेंडिंग एक करप्शन केस के सिलसिले में पुलिस कस्टडी में था। प्रॉसिक्यूशन के मुताबिक, उसने कांस्टेबल मंजीत के मोबाइल फोन लिया और जज के ऑफिशियल लैंडलाइन और पर्सनल मोबाइल नंबर पर कॉल किया। कॉल करने वाले ने ज्यूडिशियल ऑफिसर को चंद्रशेखर को तुरंत बेल या इंटरिम बेल पर रिहा करने का निर्देश दिया। उसने कथित तौर पर उसे धमकी दी कि अगर उसने ऐसा नहीं किया तो उसे गंभीर प्रोफेशनल नतीजे भुगतने होंगे। भारत ने कोर्ट ऑफ आर्बिटेशन के सिंधु जल संधि से जुड़े फैसले को खारिज किया, कहा कोर्ट को अधिकार ही नहीं भारत ने सोमवार को विश्व बैंक के द हेग स्थित कोर्ट ऑफ आर्बिटेशन के सिंधु जल संधि से जुड़े फैसले को खारिज कर दिया। भारत ने कोर्ट को गैर-कानूनी बताया और साफ तौर पर कहा कि जल समझौते को रोके रखने का नई दिल्ली का फैसला लागू रहेगा। पिछले साल अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पानी के बंटवारे से जुड़े सिंधु जल समझौते को सख्ती से रोक दिया था। विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत ने कभी भी इस कोर्ट के अस्तित्व को मान्यता नहीं दी है। इसलिए, भारत कभी भी इस संस्था के सामने पेश नहीं हुआ है। कोर्ट ऑफ आर्बिटेशन को भारत के संप्रभु फैसलों पर कोई भी मामला सुनने का अधिकार क्षेत्र नहीं है। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों की गोलीबारी, कई घर जलाए, 3 की मौत मणिपुर के कांगपोकपी जिले के पहाड़ी गांव में संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में दो महिलाओं समेत तीन नागरिकों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि आधुनिक हथियारों से लैस उग्रवादियों ने सुबह करीब 9.30 बजे कुकी-बहुल जिले के टी वाइचोंग सब-डिविजन के तहत आने वाले एन टेकखांग गांव पर हमला किया था।उग्रवादियों ने कई घरों को आग भी लगा दी। जैश-ए-मोहम्मद के रिक्रूटर और 26/11 हमले के मास्टरमाइंड के रिश्तेदार की पाकिस्तान में गोली मारकर हत्या जैश-ए-मोहम्मद के रिक्रूटर हाफिज जुल्फिकार की पाकिस्तान में एक अज्ञात बंदूकधारी ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जुल्फिकार 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी जकी-उर-रहमान लखवी का रिश्तेदार था। सूत्रों के अनुसार, एक अज्ञात हमलावर पीछे से जुल्फिकार के पास पहुंचा और बेहद करीब से उस पर गोलियां चला दीं। इसके बाद हमलावर मौके से फरार होता दिखाई दिया। जुल्फिकार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए भर्ती का काम करता था। वह 2008 के मुंबई आतंकी हमलों से जुड़े प्रमुख आरोपी जकी-उर-रहमान लखवी का रिश्तेदार भी बताया जाता है। वडोदरा गैंगरेप केस के 5 दोषियों को उम्रकैद, नवरात्रि के दौरान हुई थी वारदात गुजरात के बहुचर्चित भायली गैंगरेप मामले में सोमवार को वडोदरा कोर्ट ने पांचों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं कोर्ट ने पीड़िता को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। यह घटना 4 अक्टूबर 2024 की रात हुई थी। नवरात्रि के दौरान गरबा कार्यक्रम से लौट रही नाबालिग पीड़िता अपने दोस्त के साथ एक सुनसान जगह से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रोक लिया था। दोस्त को बंधक बनाकर नाबालिग से गैंगरेप किया था। NEET पेपर लीक प्रदर्शन- सरकार की कोर्ट से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR रद्द करने की मांग, कल सुनवाई केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन दाखिल कर दिल्ली और अन्य राज्यों में NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ दर्ज FIR रद्द करने की मांग की है। इन प्रदर्शनकारियों पर हिंसा के आरोप लगे थे। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने याचिका लगाई। केंद्र ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत सुप्रीम कोर्ट की विशेष शक्ति का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR रद्द करने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर 1 सितंबर को सुनवाई करेगा। बेटियों की पढ़ाई के लिए महिला ने नंगे पैर मैराथन जीती, ₹3,000 का इनाम जीता महाराष्ट्र के बीड के अंबाजोगाई में रमाबाई रणवीर (47) ने अपनी vबेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए खाना बनाने का काम करने वाली रमाबाई ने ‘अमृत दौड़’ मैराथन में बिना किसी ट्रेनिंग के नंगे पैर दौड़कर पहला स्थान हासिल किया और ₹3,000 का इनाम जीता। उनके पति के निधन के बाद रमाबाई अपनी दोनों बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठा रही हैं। उनकी एक बेटी B.Sc. की पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही है। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने आतंकी ठिकाना खोज निकाला, AK-47 समेत कई हथियार जब्त जम्मू-कश्मीर के शोपियां में जवानों ने आतंकियों के ठिकाने का पता लगाया। अफसरों ने सोमवार को बताया कि सुरक्षा जवानों ने यहां से जम्मू-कश्मीर पुलिस, 44 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF ने नाइकपोरा मेमेंदर में जॉइंट ऑपरेशन चलाया। यहां से एक AK-47 राइफल, दो AK-47 मैगजीन, 7.62 MM के 60 राउंड, एक पिस्टल, एक ग्रेनेड और 9 MM के 6 राउंड बरामद किए गए। असम में मिनीबस-ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौत असम के कामरूप में रविवार शाम को मिनीबस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। मिनीबस में ड्राइवर और हेल्पर समेत 14 लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां 3 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। दिल्ली में स्लीपर बस में छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर अरेस्ट दिल्ली में 16 साल की नाबालिग के साथ स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की है, पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पीड़ित उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं क्लास में पढ़ती है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर से गिरफ्तार किया गया है। बस को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। आरोपियों ने कथित तौर पर लड़की को परी चौक से बस में बैठाया, फिर रेप किया और बाद में कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया। दिल्ली में 3 साल की बच्ची के यौन शोषण का मामला, स्कूल ड्राइवर अरेस्ट दिल्ली के बवाना इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में 3 साल की नर्सरी छात्रा के यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने स्कूल के कैब ड्राइवर विकास को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ड्राइवर ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर कई बार अनुचित तरीके से छुआ।24 अगस्त को स्कूल में बच्ची को आरोपी की तस्वीरें और CCTV फुटेज दिखाए गए। बच्ची ने ड्राइवर विकास की पहचान की। आरोपी करीब 8 महीने से स्कूल के लिए कैब चला रहा था। तमिलनाडु के पूर्व CM स्टालिन की सुरक्षा Z+ से घटकर Z हुई, 54 से 34 जवान किए गए तमिलनाडु पुलिस की छह महीने में होने वाली सुरक्षा समीक्षा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन की सुरक्षा Z+ से घटाकर Z कैटेगरी कर दी गई है। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों की संख्या 54 से घटकर 34 हो गई है। उनके अलवरपेट स्थित घर पर तैनात कमांडो और सुरक्षा गार्डों की संख्या भी कम की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह फैसला खतरे के नए आकलन और सुरक्षा जरूरतों की समीक्षा के आधार पर लिया गया है। दिल्ली के मॉल की छत से महिला ने कूदने की कोशिश की, दमकल और पुलिस ने किया रेस्क्यू दिल्ली के रोहिणी स्थित यूनिटी वन मॉल की छत पर रविवार रात 20 साल की एक महिला के कूदने की कोशिश करने का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। फायर विभाग के मुताबिक, रात करीब 8:50 बजे सूचना मिली, जिसके बाद एक फायर टेंडर को मॉल भेजा गया। करीब 9:15 बजे फायरकर्मियों, मॉल के सुरक्षा गार्डों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कोशिश से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। रेस्क्यू के बाद महिला को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। असम में ट्रैवलर गाड़ी की ट्रक से टक्कर, 5 की मौत; 4 गंभीर घायल असम के कामरूप मेट्रो जिले में NH-27 पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला भी शामिल है। हादसा खेतड़ी के पास नलगेंद्र इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, नगांव से गुवाहाटी जा रही एक ट्रैवलर गाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी। गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। ₹17.22 करोड़ के ओडिशा चिटफंड घोटाले का फरार आरोपी सिलीगुड़ी से गिरफ्तार CBI ने ओडिशा से जुड़े ₹17.22 करोड़ के चिटफंड घोटाले में फरार आरोपी देबब्रत दत्ता को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। दत्ता डीएनबी फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के तत्कालीन प्रोपराइटर थे और दिसंबर 2022 से फरार चल रहे थे। बंगाल के आद्रा रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट खराब होने से 3 घंटे फंसी महिलाएं और बच्चा, बाहर निकलते ही रो पड़ीं पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के आद्रा रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट खराब होने से महिलाएं और एक बच्चा करीब 3 घंटे तक अंदर फंसे रहे। लिफ्ट में पंखा भी काम नहीं कर रहा था, जिससे अंदर मौजूद यात्रियों की घबराहट बढ़ गई। एक महिला यात्री ने बताया कि शुरुआत में सभी काफी डर गए थे। बाद में ऊपर से किसी तरह पानी पहुंचाया गया, जिससे उन्हें थोड़ी राहत मिली। इसके बाद RPF और पुलिस की मदद से लिफ्ट खोलकर महिलाओं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद कुछ महिलाएं रोती हुई नजर आईं।