नगर निकाय चुनाव में गुरुवार को नाम वापसी का समय पूरा होने के बाद भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में अब कुल 277 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अंतिम समय तक 85 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया। इसके बाद 154 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। वहीं भाजपा ने सभी 70 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के 53 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में कई वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार दोनों प्रमुख दलों के चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं। कांग्रेस को 17 वार्डों में सीधा नुकसान नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए 17 अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल गंवाने के बाद और महत्वपूर्ण हो गया है। इन 17 वार्डों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी नहीं होने से कांग्रेस को सीधे तौर पर नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि भीलवाड़ा के 70 वार्डों में ऐसा कोई वार्ड नहीं है, जहां निर्विरोध जीत घोषित हुई हो। सभी वार्डों में मुकाबला होने से अब 154 निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनावी तस्वीर को और रोचक बना दिया है। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी दलों पर भारी 17 वार्डों में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी नहीं होने का सीधा फायदा भाजपा को मिलता दिख रहा है। इसके बावजूद कई वार्ड ऐसे हैं, जहां निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस की भी गणित बिगाड़ रहे हैं। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में डटे हैं। ऐसे में निर्दलीयों की संख्या और उनका स्थानीय प्रभाव कई वार्डों में जीत-हार का समीकरण तय कर सकता है।