भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इसका मकसद चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराना है। साथ ही पुलिस ने लोगों को यह भरोसा दिलाया कि वे बिना डर के वोट डाल सकते हैं। एसपी सागर राणा के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के संवेदनशील और रेडजोन इलाकों में पैदल मार्च किया। कोतवाली थाना क्षेत्र में निकाला फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ला चौराहा से शुरू हुआ। पुलिस का मार्च शास्त्री नगर क्षेत्र, बालाजी मंदिर, तिलक नगर चौराहा और तेजाजी चौक तिराहा होते हुए वापस बड़ला चौराहा पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस की गाड़ियों का काफिला भी साथ चलता रहा। जवानों ने लोगों को शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान का संदेश दिया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नजर फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने इलाके में कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने आमजन को बताया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। साथ ही असामाजिक और उपद्रव करने वाले लोगों पर खास नजर रखी जा रही है। अफवाहों से दूर रहने की अपील एएसपी राजेश आर्य ने लोगों से बिना डर के मतदान करने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करें। अगर किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी साफ किया कि चुनाव के दौरान शांति बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।