बीकानेर नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन का दौर थमने के साथ ही अब चुनावी मैदान की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। बीकानेर के 80 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 593 नामांकन दाखिल हुए हैं। अब इन नामांकन पत्रों की जांच यानी स्क्रूटनी होगी। इसमें तय होगा कि किसका पर्चा सही है और किसका खारिज होगा। ऐसे में नामांकन दाखिल करने वाले दावेदारों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। इस बार मैदान में पूर्व मेयर सुशीला राजपुरोहित को सामान्य वर्ग की किरण भाटी से टक्कर है तो डॉ. बी.डी. कल्ला के भतीजे अनिल कल्ला को भाजपा के बड़े नेता दीपक पारीक टक्कर दे रहे हैं। अब वार्डवार पढ़िए निगम के समीकरण वार्ड 14 में महिला उम्मीदवारों के बीच मुकाबला वार्ड नंबर 2 में कांग्रेस के संजय आचार्य और भाजपा के दीपक व्यास के बीच रोचक मुकाबला हो सकता है। वार्ड संख्या 14 में निवर्तमान मेयर सुशीला राजपुरोहित और किरण भाटी के बीच मुकाबला है। ये सीट पहले ओबीसी महिला के लिए सामान्य थी लेकिन अब ये सामान्य महिला की सीट है। वार्ड संख्या 22 से कांग्रेस और भाजपा दोनों के कोर कार्यकर्ता मैदान में हैं। भाजपा से जहां मुकेश ओझा ने ताल ठोकी है, वहीं कांग्रेस से सेवादल के कर्मठ कार्यकर्ता सुखदेव नाथ है। भाजपा नेता की पत्नी मैदान में वार्ड 28 में सामान्य महिला का सबसे चर्चित वार्ड है। यहां भाजपा की मधु सुराणा का मुकाबला कांग्रेस की पुष्पा देवी सेठिया से है। मधु सुराणा भाजपा नेता मोहन सुराणा की पत्नी है। वार्ड संख्या 52 से युवा मोर्चा के पुराने अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा मैदान में है जबकि इसी वार्ड से कांग्रेस ने प्रेम प्रकाश खत्री को उम्मीदवार बनाया है। वार्ड संख्या 34 में भाजपा ने अनिरुद्ध कुमार चौधरी और कांग्रेस ने सुनील धरतवाल की दावेदारी है। अनिरुद्ध चौधरी वो ही है, जिन्होंने अभिनेता धर्मेंद्र के साथ काम किया था। केंद्रीय मंत्री के करीबी को टिकट वार्ड 37 में भाजपा के शहर महासचिव श्याम सिंह हाडला मैदान में है। जिन्हें कांग्रेस के छैल सिंह टक्कर दे रहे हैं। वार्ड संख्या 38 में भाजपा से अशोक प्रजापत को टिकट मिला है। अशोक केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नजदीकी है और उनके सामने कांग्रेस के छैल सिंह है। वार्ड संख्या 43 में भाजपा ने प्रकाश व्यास को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने विनय हर्ष को उम्मीदवार बनाया है। प्रकाश व्यास पूर्व विधायक नन्दलाल व्यास परिवार से हैं। परमानंद लंबे समय से जीत रहे वार्ड संख्या 58 में एक बार फिर टक्कर होगी। कांग्रेस ने यहां से तीसरी बार दुर्गादास छंगाणी को टिकट दिया है जबकि भाजपा ने इस बार सतीश कुमार किराडू को टिकट दिया है। वार्ड संख्या 60 से किशोर आचार्य और नवल पुरोहित के बीच मुकाबला है। किशोर भी पहले तीन बार पार्षद रह चुके हैं। वार्ड संख्या 68 से शंकरलाल तंवर भाजपा के उम्मीदवार है तो कांग्रेस से परमानन्द गहलोत हैं। परमानन्द ही यहां पर अर्से से पार्षद हैं। वार्ड 73 से मेयर के दावेदार वार्ड संख्या 73 सबसे ज्यादा चर्चित वार्ड है। यहां से दोनों ही प्रत्याशी मेयर के दावेदार हैं। जिसमें कांग्रेस से पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के भतीजे अनिल कल्ला उम्मीदवार है, वहीं भाजपा से दीपक पारीक दावेदार है। दीपक को भी मेयर दावेदार माना जा रहा है। वार्ड संख्या 75 से महावीर रांका को भाजपा ने टिकट नहीं दिया। ऐसे में यहां से विशाल गोलछा भाजपा की दावेदारी कर रहे हैं, उन्हें कांग्रेस के धर्मवीर नाहटा टक्कर देंगे।