BJP नेता अशोक परनामी ने गुरुवार को BJP कार्यालय में नगर निकाय चुनावों को लेकर नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी किया। इसमें नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में किए जाने वाले विकास कार्यों के साथ आमजन से जुड़ी सुविधाओं को लेकर घोषणाएं की गई हैं। BJP ने कुल 52 घोषणाएं की हैं, जिनमें शहरों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से लेकर सार्वजनिक परिवहन, बिजली, पानी, सफाई और आवास तक के मुद्दे शामिल हैं। वार्ड को विकास का आधार बनाने का वादा संकल्प पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक निकाय में वार्ड को विकास का आधार मानते हुए शहर के चहुंमुखी विकास की व्यवस्था की जाएगी। प्रभावित निकायों में पेयजल आपूर्ति में सुधार के साथ 24 घंटे घरेलू बिजली आपूर्ति का वादा किया गया है। जिन नगर निकायों की सीमाओं का विस्तार हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सीमा क्षेत्र में शामिल नए गांवों में सीवरेज, पानी, सफाई, कचरा संग्रहण और कचरा निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही सड़कों का विस्तार, रोड लाइट और बिजली की सुविधा भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सभी नगर निगमों में ई-बस चलाने का वादा संकल्प पत्र में सभी नगर निगम क्षेत्रों में सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल सफर के लिए ई-बसों के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की गई है। इसमें महिलाओं और सीनियर सिटीजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मुख्य सड़कों और चौराहों को ट्रैफिक लाइट फ्री बनाने के लिए समुचित कार्रवाई करने का भी वादा किया गया है। प्रदूषण रोकने के लिए स्मॉग टावर और एंटी-स्मॉग गन NCAP और NCR के अंतर्गत आने वाले शहरों में प्रदूषण रोकने के लिए स्मॉग टावर और एंटी-स्मॉग गन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने और उद्योगों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही गई है। चुनिंदा शहरों में जरूरत के अनुसार डिस्टर्ब एरिया एक्ट लागू करने की कार्रवाई करने का भी संकल्प पत्र में उल्लेख है। जरूरत वाले निकायों में चरणबद्ध सीवरेज व्यवस्था राज्य के जरूरत वाले नगरीय निकायों में चरणबद्ध तरीके से सीवरेज व्यवस्था स्थापित करने की घोषणा की गई है। प्रभावित निकायों और क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करने की बात भी संकल्प पत्र में कही गई है। जिन निकाय क्षेत्रों में यातायात का दबाव ज्यादा है, वहां रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था शुरू करने का वादा किया गया है। निकायों के ऐसे क्षेत्रों का अध्ययन कर नीति निर्धारित करने, बाजार क्षेत्रों का विकास करने और नए बाजार चिह्नित करने की घोषणा भी की गई है। मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट संकल्प पत्र में जिलों के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी यूनिट बनाने की घोषणा की गई है। BJP का कहना है कि इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी को प्रत्येक निकाय में लागू कर SC/ST, पात्र OBC और EWS वर्गों को लाभान्वित करने का भी वादा किया गया है। सुनियोजित हाईराइज बिल्डिंग पर विचार शहरों के सुनियोजित और आधुनिक विकास के लिए वर्तमान जरूरतों के अनुसार हाईराइज बिल्डिंग के निर्माण पर विचार करने की घोषणा की गई है। इन बिल्डिंगों में पेयजल, अन्य आधारभूत सुविधाओं और सभी सुरक्षा मापदंडों को सुनिश्चित करने की बात भी संकल्प पत्र में कही गई है।