बूंदी में सदर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर 'गन कल्चर' को बढ़ावा देने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर वांछित और सोशल मीडिया पर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी बूंदी अनिल जोशी के नेतृत्व में थानाधिकारी भंवर सिंह ने एक टीम गठित कर इस मामले में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम पर पिस्टलनुमा हथियार और तलवार के साथ तस्वीरें पोस्ट की थीं। इन तस्वीरों से युवाओं में 'गन कल्चर' और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका थी। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान अंकित मीणा (25) पुत्र गोबरीलाल के रूप में हुई है, जो जावटी, थाना सदर, बूंदी का निवासी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी भंवर सिंह, कॉन्स्टेबल हनुमान और नेतराम शामिल थे।