बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग किसान की कोटा के एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बरुन्धन के पास हुआ। मृतक की पहचान हरिशंकर कुशवाहा के रूप में हुई है। अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी मृतक के पोते सूरज ने बताया कि उनके दादाजी खाना खाने के बाद पैदल खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में हरिशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हॉस्पिटल में गई जान तालेड़ा थाने के ASI पवन कुमार ने बताया कि थाने पर एक बुजुर्ग के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शव रखवा कर पोस्टमार्टम करवाया है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।