चित्तौड़गढ़ में नगर निकाय चुनाव का पहला चरण शुरू हो चुका है। सुबह 7 बजते ही लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। जिले में नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के अलावा बेगूं और रावतभाटा नगर पालिका में भी वोटिंग हो रही है। वहीं बाकी निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, आकोला और कपासन निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। चित्तौड़गढ़ नगर निकाय में कुल 97,080 मतदाता हैं, जो 151 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। इनमें 48,638 पुरुष, 48,438 महिला और 4 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। चित्तौड़गढ़ नगर निकाय के वार्ड नंबर 18 में सबसे ज्यादा 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 60 वार्डों में से 26 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 34 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। चित्तौड़गढ़ में कुल 102 पोलिंग सेंटर बनाए गए हैं। वहीं मधुबन वार्ड नंबर 29 के प्रत्याशी के समर्थन में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एक साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। दोनों नेताओं के एक साथ पहुंचने से यहां राजनीतिक गतिविधि भी चर्चा में रही।