चौमूं-रींगस रोड स्थित आमलियों के पास शुक्रवार को चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से पहले धुआं उठता देखकर सवार हाडौता निवासी विकास यादव ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और स्कूटी के साथ उसमें रखा डिलीवरी का सामान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सवार के समय रहते नीचे उतर जाने से बड़ा हादसा टल गया। धुआं उठते ही स्कूटी छोड़ी जानकारी के अनुसार विकास यादव पार्सल डिलीवरी का काम करते हैं। रींगस रोड पर आमलियों के पास स्कूटी चलाते समय अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। स्थिति भांपते हुए उन्होंने तुरंत स्कूटी रोकने का प्रयास किया और वाहन से कूदकर दूर हो गए। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई। सड़क पर जमा हुई लोगों की भीड़ चलती स्कूटी में आग लगने की घटना से सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जल गई। दमकल ने मशक्कत के बाद बुझाई आग घटना की सूचना मिलने पर चौमूं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका चौमूं अग्निशमन अधिकारी जयकुमार जांगिड़ ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना सामने आया है। हादसे में स्कूटी और डिलीवरी का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। वहीं, सूचना पर चौमूं थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल की। आग के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।