चूरू जिले के चाड़वास गांव निवासी एक युवक ओएलएक्स पर सस्ती कार खरीदने के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने युवक से 3.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। पीड़ित की शिकायत पर चूरू के साइबर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर थाना पुलिस के अनुसार चाड़वास निवासी किशनलाल सोनी (23) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसके माता-पिता बीमार रहते हैं, जिसके कारण उन्हें डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कार की आवश्यकता थी। उसने अपने जीजा विकास कुमार से कार दिलाने के लिए कहा। विकास ने ओएलएक्स पर एक स्विफ्ट कार का विज्ञापन देखा, जिसमें कार 3.50 लाख रुपए में उपलब्ध बताई गई थी। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर व्यक्ति ने अपना नाम सुरेंद्र सिंह बताया। 23 अगस्त को आरोपियों ने किशनलाल को रामसरा में कार दिखाने के लिए बुलाया। कार पसंद आने पर किशनलाल ने 20 हजार रुपए अग्रिम भुगतान कर दिया और शेष राशि अगले दिन देने की बात तय हुई। अगले दिन 24 अगस्त को राजू और सुरेंद्र नाम के दो युवक कार लेकर थैलासर पहुंचे। किशनलाल ने उनसे कार के दस्तावेज मांगे, लेकिन उन्होंने लिखा-पढ़ी के समय आईडी देने की बात कही। इसके बाद किशनलाल ने अपने एसबीआई खाते से आरोपियों द्वारा बताए गए आईडीएफसी बैंक के खाते में 2 बार में कुल 3 लाख 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। भुगतान का स्क्रीनशॉट भेजने के बाद आरोपियों ने फतेहपुर चलकर लिखा-पढ़ी करने की बात कही और कार से आगे निकल गए। कुछ दूरी तय करने के बाद दोनों युवक कार लेकर फरार हो गए। जब किशनलाल ने उन्हें फोन किया तो उनके मोबाइल बंद मिले। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर चूरू साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।