दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर करीब 30 किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार सुबह 3 घंटे के दौरान तीन अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इनमें 3 लोगों की मौत हो गई। 25 लोग घायल हो गए। पहला हादसा सुबह करीब 7:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास हुआ। स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। बस ड्राइवर की मौत हो गई और 21 यात्री घायल हो गए। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे नांगल राजावतान थाना क्षेत्र में चूड़ियावास गांव के पास एक्सप्रेसवे देखने पहुंचे दो ममेरे भाइयों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। वहीं, सदर थाना क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 161 के पास कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें जयपुर के चार लोग घायल हो गए। पहले देखिए, स्लीपर-ट्रक हादसे से जुड़ी PHOTOS… अब सिलसिलेवार पढ़िए तीनों हादसों की डिटेल… 1. ट्रक में घुसी स्लीपर, बस का केबिन चकनाचूर कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास ट्रक में घुसने से स्लीपर बस का केबिन चकनाचूर हो गया। एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया- माईमाई ट्रैवल्स की स्लीपर बस अहमदाबाद (गुजरात) से दिल्ली जा रही थी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही कोलवा और सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ड्राइवर सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) निवासी सत्यनारायण नगर, अमरेवाडी (अहमदाबाद) की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने कई एंबुलेंस की मदद से घायलों को दौसा जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटाया गया और ट्रैफिक को सुचारू करवाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। 2. एक्सप्रेसवे देखने पहुंचे दो भाइयों को ट्रक ने कुचला नांगल राजावतान थाना इंचार्ज हुसैन अली ने बताया- चूड़ियावास (नांगल राजावतान) निवासी साहिल मीणा (16) और जयपुर के बांसखोह के उगास निवासी महेंद्र मीणा (22) एक्सप्रेसवे देखने के लिए रेलिंग के पास खड़े थे। इसी दौरान दौसा से लालसोट की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन दोनों को जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। दोनों ममेरे भाई थे। पुलिस ड्राइवर की तलाश कर रही है। 3. कार को मारी टक्कर, 4 घायल जिला हॉस्पिटल चौकी में तैनात कॉन्स्टेबल मनीष पांडे ने बताया- सदर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 161 के पास कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में जयपुर के हरमाड़ा निवासी लोकेश सिंह (25), कालवाड़ रोड निवासी पीयूष अग्रवाल (27), वैशाली नगर निवासी रूचिर व्यास (25) और लक्ष्मण नगर (श्याम नगर) निवासी विनीत वर्मा (43) घायल हो गए। सभी को दौसा जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डेढ़ महीने पहले बस-ट्रेलर की भिड़ंत में हुई थी 8 मौत कोलवा थाना क्षेत्र में आज जहां हादसा हुआ है, उससे करीब एक किलोमीटर दूर एक जुलाई को बस-ट्रेलर में भिड़ंत के बाद आग लग गई थी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने और 2 की सिर पर चोट लगने के कारण हुई थी। बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। स्लीपर बस में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 40 पैसेंजर्स थे। पूरी खबर पढ़िए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया था एक्सप्रेसवे का निरीक्षण केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने राजस्थान पहुंचे थे। उन्होंने लबान इंटरचेंज (बूंदी) से दरा टनल (कोटा) तक करीब 90KM की दूरी में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया था। केंद्रीय मंत्री ने अफसरों को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया और पुलिस की ओर से एक्सप्रेसवे पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सीएम भजनलाल शर्मा भी थे। पूरी खबर पढ़िए