दौसा जिले के छह निकायों में बुधवार को पहले चरण का मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक भांडारेज में सबसे ज्यादा 78.84% और बांदीकुई में सबसे कम 65.05% मतदान हुआ। पहले चरण में जिले की 6 नगर पालिकाओं के 175 वार्डों में मतदान हो रहा है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक भी भांडारेज 64.72% के साथ सबसे आगे और बांदीकुई 49.43% के साथ सबसे पीछे था। भांडारेज नगर पालिका के बूथ नंबर 14 और बांदीकुई के बूथ नंबर 41 की EVM में तकनीकी खराबी आने पर दोनों जगह मशीन बदली गई। सिकराय के वार्ड नंबर 25 में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया। सिकराय नगर पालिका के पोलिंग बूथ नंबर 16 पर 96 वर्षीय बाबूलाल भांगला व्हीलचेयर से मतदान करने पहुंचे। वहीं मंडावर के वार्ड 22 में चलने में असमर्थ बुजुर्ग महिला भी व्हीलचेयर से मतदान केंद्र पहुंचीं। 1500 पुलिस जवान तैनात पहले चरण के मतदान के लिए जिले में 1500 पुलिस जवानों का जाप्ता तैनात किया गया है। 157 क्रिटिकल बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसपी पीयूष दीक्षित मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जबकि एएसपी शंकरलाल मीणा और विनोद सीपा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था देख रहे हैं। जिले के 6 निकायों में मतदान मतदान करने की अपील जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने जिले के सभी मतदाताओं से चुनाव में उत्साह के साथ हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए घर से निकलते समय मतदाता अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र साथ लेकर आएं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की ओर से तय 11 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक मूल पहचान दस्तावेज भी मतदान के लिए साथ लाया जा सकता है। फोटोज में देखें…