दौसा जिले में कई दिनों बाद मौसम फिर बदल गया है। बीती रात से जिले के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। महवा, मंडावर, सिकराय, मानपुर, सिकंदरा, बांदीकुई और सैंथल समेत कई जगह बारिश का दौर जारी है। इससे पहले गुरुवार को भी जिले में कई जगह बारिश हुई थी। इसके चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। करीब दो सप्ताह बाद बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बारिश के बाद जिले के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शुक्रवार को जिले में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगे भी बारिश की संभावना मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नए सिस्टम के असर से राजस्थान में शुक्रवार को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। आने वाले दिनों में दौसा जिले में हल्के बादल आते-जाते रह सकते हैं। इसके बाद मौसम साफ रहने की भी संभावना है।