डीग के बृज नगर-खेड़ली मार्ग पर वीरगमा गांव के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण जानकारी के अनुसार, वीरगमा गांव के मोड़ के पास दोनों बाइक तेज गति से आ रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों आपस में टकरा गईं। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के खेतों और घरों से ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां चारों घायल सड़क पर लहूलुहान हालत में मिले। गंभीर घायल को ग्रामीण बाइक से अस्पताल ले गया ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को सड़क किनारे पेड़ की छाया में पहुंचाया। इनमें एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई थीं और उसका काफी रक्तस्राव हो रहा था। उसकी हालत को देखते हुए एक ग्रामीण ने बिना देर किए उसे अपनी बाइक पर बैठाया और अस्पताल पहुंचाया। 108 एंबुलेंस से अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया ग्रामीणों की सूचना पर बृज नगर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से अन्य घायलों को ब्रजनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। दोनों बाइक पुलिस ने कब्जे में लीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।