डीग जिला कारागार में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बंदियों के परिजन कारागार पहुंचे। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम का यह पर्व मनाया। परिजनों के आगमन से कारागार परिसर में आत्मीय माहौल देखा गया। लंबे समय बाद अपनों से मुलाकात कर कई बंदी भावुक हो गए। वहीं, अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं कई बहनें भी अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख सकीं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस मिलन ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। रक्षाबंधन के अवसर ने बंदियों को परिवार के स्नेह और रिश्तों की अहमियत का एहसास कराया। इस दौरान उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर भी मिला। रक्षाबंधन के दौरान महिला परिजनों की सुरक्षा और तलाशी व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। एसपी डीग के निर्देश पर चार महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अतिरिक्त आरएसी जाप्ता प्रभारी गिरधारी और मुख्य प्रहरी राजेंद्र सहित आरएसी एवं जेल स्टाफ भी मौजूद रहा। सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कड़ी निगरानी के चलते पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हुआ। जेलर एवं कार्यवाहक उपाधीक्षक विकास बागोरिया ने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्षाबंधन पर्व को सकुशल संपन्न कराया। इस दौरान कारागार परिसर में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह के दृश्य देखने को मिले।