सवाई माधोपुर| जिला मुख्यालय खैरदा में श्याम हब औद्योगिक टाउनशिप को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं पोस्ट व शेयर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कंपनी प्रतिनिधि मनोज शर्मा ने पुलिस उच्चाधिकारियों को परिवाद भेजा है। इसमें उल्लेख किया कि स्थानीय स्तर पर कुछ ब्लैकमेलर किस्म के लोगों का गिरोह है, जो गलत तथ्य व भ्रामक जानकारी प्रसारित कर उन्हें परेशान कर रहा है। न्यायालय के स्टे आदेश की गलत व्याख्या कर, नाम का उल्लेख नहीं होने के बावजूद, उनके प्रोजेक्ट का नाम लिखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कई असामाजिक तत्वों ने इस तरह की सूचनाएं, पोस्ट व खबरें सोशल मीडिया पर प्रचारित कीं। फिर रुपयों की मांग कर ब्लैकमेल किया। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को पारित न्यायालय के आदेश में श्याम हब औद्योगिक टाउनशिप, टाउनशिप की भूमि से संबंधित खसरे, श्याम हब से संबंधित किसी भी व्यक्ति का कहीं कोई उल्लेख नहीं है। इसके बावजूद आदेश को तोड़-मरोड़कर श्याम हब से जोड़कर प्रकाशित किया जा रहा है। इससे आमजन को भ्रमित किया जा रहा है। उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर किसी प्रकार का कोर्ट स्टे नहीं है। उन्होंने स्थानीय लोगों से रेरा व यूआईटी-एप्रूव्ड इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की बात कही है।