धौलपुर में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम गुरुवार को हुआ। यह कार्यक्रम धौलपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत दुबाटी स्थित डाइट परिसर में आयोजित किया गया। इसमें प्रभारी सचिव राजन विशाल मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने बरगद का पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर प्रभारी सचिव राजन विशाल ने पर्यावरण बचाने और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से पौधों की देखभाल कर उन्हें बड़ा होने तक बचाने की अपील की। ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत धौलपुर जिले में 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मकसद जिले में हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण बचाने को जन आंदोलन बनाना है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रेष्ठा श्री, उपवन संरक्षक वी. चेतन कुमार और डाइट प्राचार्य जितेंद्र जादौन समेत कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। अधिकारियों ने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने घर, खेत, स्कूल व सार्वजनिक जगहों पर ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की अपील की।