धौलपुर में आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में जिलेभर में पुलिस की सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी गई है। नगर निकाय चुनाव वाले कस्बों के साथ निहालगंज थाना क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। धौलपुर शहर के मुख्य बाजारों, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा प्रमुख रास्तों पर पुलिस ने मार्च किया। थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने इलाके में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है। पुलिस चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के साथ अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खास निगरानी रख रही है। पुलिस टीमों को संवेदनशील जगहों पर लगातार घूमने और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर गलत या आपत्तिजनक सामग्री न फैलाने की अपील की है।