धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हुई। एसडीएम सुरेश चंद्र राव की देखरेख में कुल 94 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन आवेदन वापस ले लिए। इनमें 93 निर्दलीय और वार्ड 3 से बसपा प्रत्याशी उपेंद्र शामिल है, जिन्होंने अपने पर्चे वापस लिए है। अब नगर परिषद के 60 वार्डों में 382 नामांकन पत्र बचे हैं। नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए जांच के बाद कुल 476 नामांकन आवेदन सही पाए गए थे। नामांकन वापसी का समय खत्म होने के बाद 94 उम्मीदवारों ने अपने आवेदन वापस ले लिए, जिससे अब 382 नामांकन आवेदन चुनाव प्रक्रिया में रह गए हैं। एक ही वार्ड में 2 नामांकन करने पर दूसरा रद्द होगा वहीं एक उम्मीदवार द्वारा एक ही वार्ड से 2 नामांकन आवेदन जमा करने के मामलों में भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नियम के अनुसार, ऐसे मामलों में एक आवेदन को सही मानते हुए दूसरे आवेदन को रद्द किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने डबल आवेदन वाले मामलों में एक आवेदन हटाने का काम शुरू कर दिया है। इधर वार्ड नंबर 3 से बसपा प्रत्याशी उपेंद्र ने भी नामांकन वापस ले लिया है। कल मिलेंगे चुनाव चिन्ह निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार अब शुक्रवार को सभी वार्डों के उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे। चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही नगर परिषद के 60 वार्डों में चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी और प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में प्रचार अभियान तेज करेंगे। नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में काफी उत्साह दिख रहा है। नामांकन वापसी के बाद अब चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम स्थिति पर सबकी नजर है।