धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए मंगलवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी हो रही है। कुल 614 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिनकी अब निर्वाचन विभाग द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है। यह जांच प्रक्रिया जिला कलेक्टर सभागार में चल रही है। धौलपुर एसडीएम सुरेश राव की निगरानी में निर्वाचन विभाग के कर्मचारी एक-एक कर प्रत्याशियों के नामांकन फॉर्म और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। स्क्रूटनी के दौरान नामांकन पत्रों में भरी गई जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों और चुनाव संबंधी निर्धारित नियमों की जांच की जा रही है। 614 नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले नामांकन पत्रों पर निर्वाचन नियमों के तहत निर्णय लिया जाएगा। स्क्रूटनी के बाद स्थिति होगी साफ नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजर स्क्रूटनी के नतीजों पर टिकी है। स्क्रूटनी के बाद ही चुनावी मैदान में वास्तविक रूप से कितने प्रत्याशी रहेंगे, इसकी स्थिति स्पष्ट होगी और चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो सकेगी। निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराने में जुटे हैं। आगामी चरणों में नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद नगर परिषद के 60 वार्डों में चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आएगी।