धौलपुर में नगर परिषद चुनाव के बीच वार्ड नंबर 26 में चुनावी विवाद गहरा गया है। पार्षद प्रत्याशी कल्पना शर्मा के पति रामू शर्मा पर हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। घायल रामू शर्मा के परिजनों ने दूसरे पक्ष पर मारपीट करने, हवाई फायरिंग करने और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। पुरानी रंजिश में किया हमला बताया जा रहा है कि वार्ड 26 में आमने-सामने खड़े प्रत्याशियों के परिवारों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। कुक्कू शर्मा और रामू शर्मा के बीच यह पुरानी रंजिश ही विवाद की मुख्य वजह बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने संबंधित पक्षों में से किसी को पार्टी का टिकट नहीं दिया था। इसके बावजूद दोनों पक्षों के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर गए हैं। आरोपियों के ठिकानों पर दी दबिश घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में 6 से ज्यादा संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया है। कोतवाल रामकिशन यादव ने बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना के बाद वार्ड 26 में चुनावी माहौल गरमा गया है। पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। घायल पक्ष की ओर से दी गई शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।द