जयपुर में निकाय चुनाव की सरगर्मी अब तेज हो गई है। प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रचार के साथ-साथ अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच जयपुर के वार्ड 27 में चुनाव प्रचार का ऐसा ही अलग अंदाज देखने को मिला। बीजेपी प्रत्याशी शंकर यादव चुनाव प्रचार के दौरान जूस की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने सिर्फ जूस पिया ही नहीं, बल्कि खुद जूस बनाना शुरू कर दिया। शंकर यादव ने मौसमी का जूस तैयार किया और अपने हाथों से आम मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को पिलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की। जूस की दुकान पर पहुंचे, खुद संभाला जूस का काम शंकर यादव ने कहा कि भीषण गर्मी में आम जनता और पार्टी कार्यकर्ता लगातार उनके साथ मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने सोचा कि लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ जूस की दुकान पर पहुंचकर खुद जूस बनाया और अपने हाथों से लोगों को पिलाया। यादव ने कहा कि जिस तरह वह चुनाव में जनता के बीच जाकर उनका आशीर्वाद मांग रहे हैं, उसी तरह चुनाव जीतने के बाद भी वार्ड की समस्याओं के लिए लगातार संघर्ष करेंगे।