कोटा में नगर निगम चुनावों में 100 सीटों में से कई सीटें त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी हैं तो कहीं सीधा टकराव है। कोटा दक्षिण विधानसभा पर इस बार सबकी नजर है। यहां पर टिकट वितरण को लेकर दोनों ही पार्टीयों में बगावत, नाराजगी हुई। यहां 40 वार्डों में 14 पर भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। इसके अलावा कुछ वार्डों में निर्दलीय और बागी प्रत्याशी मैदान में हैं। जिससे पार्टियों के समीकरण बनते बिगड़ते नजर आ रहे हैं। कोटा के वार्ड-58 में कांग्रेस बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला है। यहां कांग्रेस से जोंटी बिरवाल और बीजेपी से सुरेश लखेरा चुनावी मैदान में है। जोंटी ब्लॉक अध्यक्ष हैं तो सुरेश की पत्नी रेखा लखेरा पार्षद रह चुकी हैं। इन दोनों के बीच ही यहां पर कांटे की टक्कर है। अनुभवी के सामने युवा चेहरा, निर्दलीय भी मैदान में वार्ड-54 में बीजेपी से विवेक राजवंशी चुनावी मैदान में हैं। राजवंशी पूर्व पार्षद रहे हैं। निगम में नेता प्रतिपक्ष रहे हैं और बिडला खेमे के हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से युवा चेहरे मनीष को चुनावी मैदान में उतारा है। इस वार्ड में वैसे तो सीधी टक्कर कांग्रेस बीजेपी में ही है। लेकिन यहां से निर्दलीय कुंतीलाल भी चुनावी मैदान में है। वार्ड की प्रमुख समस्याओं में सामुदायिक भवनों के उपयोग, गलियों में झूलते बिजली के तार और आवारा मवेशी हैं। बीजेपी की पूर्व प्रदेश मंत्री के चुनाव पर सबकी नजर वार्ड-98 में बीजेपी ने अनुसुईया गोस्वामी को टिकट दिया है। अनुसुईया गोस्वामी पूर्व प्रदेश मंत्री रह चुकी हैं। बिडला खेमे की भरोसेमंद मानी जाती हैं। मेयर के नामों में उनकी भी चर्चा चल रही है। इधर, कांग्रेस ने यहां युवा चेहरे आयुष पारेता को चुनावी मैदान में उतारा है। ऐसे में सबकी नजरें इस वार्ड पर टिकी हुई है। यहां पर बीजेपी पूरा जोर लगा रही है। कांग्रेस से भी युवाओं की टीम वार्ड में है। वार्ड की प्रमुख समस्याओं में बस्तियों में सफाई, कचरा प्रबंधन ही है। भाजपा की बागी भी चुनावी मैदान में, चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
वार्ड 87 में भाजपा ने पुष्पा चौधरी को टिकट दिया है। पहले भी वह इस वार्ड से पार्षद रह चुकी है। पुष्पा के पति दो बार पार्षद रह चुके है। यहां पर कांग्रस ने लक्ष्मी कुमारी को मैदान में उतारा है। बीजेपी कांग्रेस में तो टक्कर है ही, यहां बीजेपी की बीजेपी से भी टक्कर है। बीजेपी की नीरू सोलंकी बागी होकर यहां से चुनाव लड रही हैं। इसके अलावा निर्दलीय राजकुमार भी चुनावी मैदान में है। ऐसे में यहां पर मुकाबला रोचक है। वार्ड 29 में बीजेपी कांग्रेस में मुकाबला कोटा के वार्ड 29 में बीजेपी से बद्रीप्रकाश आर्य चुनावी मैदान में हैं। जबकि कांग्रेस से शंकरलाल मैदान में हैं। इस वार्ड में इन दोनों के बीच कडी टक्कर है। हालांकि यहां से अनिल कुमार निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। अनिल कुमार पहले से वार्ड में सक्रिय हैं। ऐसे में यहां पार्टियों के समीकरण बिगड़ सकते हैं। वार्ड 33 में चार प्रत्याशी मैदान में वार्ड 33 में बीजेपी से ओमप्रकाश चुनावी मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस से जसवंत चुनाव लड रहे हैं। यहां पर महेन्द्र कुमार और कृष्ण मुरारी भी निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं। इस वार्ड पर भी लोगों की नजर है क्योंकि दो दिन पहले ही यहां के लोगों ने वोटिंग का बहिष्कार कर दिया था, हालांकि बाद में समझाइश हुई थी। लेकिन इलाके में काम को लेकर लोगों में नाराजगी है। --- ये खबर भी पढ़ें- प्रचार के दौरान दिलावर बोले- प्रहलाद गुंजल दल बदलू:7 दलों की हांडिया चाट आए, मुझे क्या चरित्र का पाठ पढाएंगे, प्रत्याशी बच्चों को बांट रहे बिस्कुट टॉफी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीएम दौरे पर बोलीं-बीजेपी में डर का माहौल:एमपी-एमएलए चुनाव के जैसे रोड शो करना पड़ रहा; बीजेपी विधायक बोले- पार्टी के बागियों पर होगी कार्रवाई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज कोटा में करेंगे रोड शो:कार्यकर्ताओं से संवाद का भी कार्यक्रम, सरोवर टॉकीज से नयापुरा तक ट्रैफिक डायवर्ट