धौलपुर में राजपूत छात्रावास में फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में निहालगंज पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने करीब तीन महीने से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप (23) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को राजपूत छात्रावास में श्रीकृष्ण परमार पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में 15 जून को उनके पिता दिनेश परमार की रिपोर्ट पर निहालगंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप अपने साथियों के साथ छात्रावास के कमरे में पहुंचा और गाली-गलौज करने के बाद जान से मारने की कोशिश में गोली चला दी, जिससे श्रीकृष्ण बुरी तरह घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने पहले राजसिंह उर्फ राज और शिवम त्यागी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी प्रबल प्रताप फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस को 3 सितंबर को तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना पर आरोपी के रीको एरिया में मौजूद होने की जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि होने के बाद निहालगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और एक बाउंड्रीवाल पर चढ़कर छलांग लगाकर फरार होने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रबल प्रताप उर्फ प्रदीप पुत्र हरिओम सिंह, निवासी बिजलीघर के पास, कस्बा सैंपऊ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा राउंड बरामद किए गए।