धौलपुर की नगर पालिका सैंपऊ में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीसी सड़क बनाने में तय मानकों और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ठेकेदार पर सड़क की सामग्री और मोटाई में लापरवाही बरतने का आरोप है। लोगों का कहना है कि मुन्ना खान के घर से जामा मस्जिद तक 7.14 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क बन रही है। यह सड़क घटिया क्वालिटी की है। निर्माण के दौरान बेस तैयार करने, गिट्टी की मात्रा और सीसी की मोटाई जैसे जरूरी मापदंडों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि कई जगहों पर रात के समय काम कराया जा रहा है। इससे काम की गुणवत्ता की निगरानी और जांच पर असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने रात में हो रहे निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। निवासियों का कहना है कि सड़क बनाने में सरकारी पैसा लग रहा है। अगर काम तय मापदंडों के हिसाब से नहीं हुआ, तो सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सीधा असर पड़ेगा। लोगों का आरोप है कि घटिया काम से सड़क जल्द टूट सकती है और सरकारी पैसा दोबारा मरम्मत में खर्च होगा। लोगों का यह भी कहना है कि नगर पालिका प्रशासन निकाय चुनाव की व्यवस्थाओं में व्यस्त है। इसका फायदा उठाकर निर्माण कार्यों की ठीक से निगरानी नहीं हो रही है। लोगों ने नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों और अधिशासी अधिकारी से मौके पर जाकर निर्माण सामग्री, सड़क की मोटाई और बेस की गुणवत्ता जांचने की मांग की है।