धौलपुर जिले में लगातार दूसरे दिन भी रुक-रुक कर बारिश हुई। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। इससे पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 17.5 एमएम बारिश दर्ज की गई है। धौलपुर शहर में सबसे ज्यादा 25 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। रुक-रुक कर हुई इस बारिश से शहर और ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया। रामसागर और पार्वती बांध में पानी की आवक बढ़ी बारिश का असर जिले के जल स्रोतों पर भी दिख रहा है। लगातार हो रही बारिश से रामसागर और पार्वती बांधों में पानी की आवक बढ़ गई है। दोनों बांध अब लबालब होने वाले हैं। बांधों में पानी बढ़ने से इलाके के किसानों और ग्रामीणों में खुशी है। जलस्तर बढ़ने से आने वाले दिनों में सिंचाई और पानी की उपलब्धता को लेकर राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने जिले में आज भी बारिश होने का अनुमान जताया है। बारिश का दौर जारी रहने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन प्रशासन और नगर निकाय के सामने जलभराव की समस्या से निपटने की चुनौती भी बनी हुई है।