भास्कर न्यूज | नागौर जांभोजी महाराज की जन्मभूमि पीपासर में 1 से 4 सितंबर तक होने वाले चार दिवसीय हीरक जयंती एवं समाज सुधार राष्ट्रीय महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और देश के विभिन्न राज्यों से बच्चों, महिलाओं तथा संस्कार ज्ञान परीक्षा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों का पहुंचना शुरू हो गया है। श्री जंभेश्वर पर्यावरण एवं जीव रक्षा प्रदेश संस्था के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पीपासर पहुंचकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रदेश मंत्री एवं प्रभारी अनिल धारणिया, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनलाल कड़वासरा, प्रचार मंत्री दलीप सिंवर, श्रीगंगानगर जिला अध्यक्ष रामकुमार पंवार और जिला उपाध्यक्ष एवं शिक्षाविद् सुरजाराम सिहाग सहित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। प्रदेश टीम ने संस्था के संरक्षक मुकाम पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी रामानंदजी महाराज और प्रदेश अध्यक्ष व समाज सुधार यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक रामरतन बिश्नोई के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुंबई से प्रवीण लोहमरोड़ और हरियाणा से रमेश मांझू बच्चों की टीम के साथ पीपासर पहुंचेंगे। चार दिनों में जांभाणी संस्कार ज्ञान परीक्षा, युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन होगा। 4 सितंबर की रात जांभोजी महाराज के 575वें अवतार दिवस पर भव्य जन्मोत्सव मनाया जाएगा।