डीडवाना-कुचामन जिले में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हुई। जिले के 8 नगरीय निकायों में 27, 29 और 31 अगस्त को कुल 1983 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इन नामांकन पत्रों के माध्यम से 1583 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने बताया कि सभी नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हुई। 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का होगा आवंटन नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मंगलवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जा रही है। अभ्यर्थी गुरुवार 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। उम्मीदवारी वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद शुक्रवार 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही नगरीय निकाय चुनाव की स्थिति और अधिक स्पष्ट हो जाएगी।