सवाई माधोपुर| आईएचएस कॉलोनी स्थित मुस्कान आवासीय विशेष विद्यालय में दिव्यांग बालक-बालिकाओं ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया। विद्यालय परिसर में ही तरह-तरह की कृष्णा लीलाओं का मंचन किया। संस्था सचिव अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि जन्माष्टमी पर विद्यालय में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी सजाई गई। बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजन, नृत्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों को जीवंत किया। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के उत्साह और सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। प्रधानाचार्य सर्वेश सिंह ने बच्चों को जन्माष्टमी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने में भूमिका निभाते हैं।