भास्कर न्यूज | सवाईमाधोपुर रक्षाबंधन पर विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की बहनों ने समाज और सुरक्षा तंत्र के प्रति कृतज्ञता जताई। इस मौके पर गरिमामय और भावुक कार्यक्रम हुआ। बहनें माउन टाउन थाना पहुंचीं। बहनें रेलवे पुलिस थाना भी गईं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। बहनों ने दिन-रात कानून-व्यवस्था संभालने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, सफलता की कामना की। रक्षा सूत्र बांधते समय माहौल आत्मीयता और उत्साह से भरा रहा। अधिकारियों ने बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया। समाज में शांति बनाए रखने की बात कही। कार्यक्रम में दीपिका सिंह चौहान विभाग संयोजिका, संत कुमार बैरवा विहिप जिला मंत्री, कौशल्या कुमावत जिला संयोजिका मातृशक्ति, रेनूका गोयल दुर्गा वाहिनी जिला सह संयोजिका, सीमा, उषा जी दुर्गावाहिनी मौजूद रहीं। पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षा सूत्र केवल धागा नहीं। यह विश्वास, समर्पण, कर्तव्यबोध का प्रतीक है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल जनसेवा में निष्ठा से लगे रहते हैं। उनके प्रति सम्मान जताने का यह छोटा प्रयास है। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने पहल की प्रशंसा की। मातृशक्ति का आभार जताया।